13 तोले से अधिक सोने के जेवर पहनकर निकला था कपड़ा व्यापारी, अपहरण के बाद पत्नी पूजा से मांगे 2 करोड़ रुपये और घर का सारा गोल्ड; पकड़े जाने के डर से तेजधार हथियारों से उतारा मौत के घाट
6 साल के मासूम की पुकार- पापा घर आ जाओ, मुझे आपके साथ सोना है… तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश में पुलिस
लुधियाना, रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा ): दोस्ती और विश्वास के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली लुधियाना की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। मृतक पंकज अरोड़ा को अपने दोस्त मिक्की आहूजा पर इतना भरोसा था कि उसे कभी सपने में भी यह अंदाजा नहीं था कि जिस दोस्त को वह भाई से भी ज्यादा प्यार करता है, वही उसकी मौत की साजिश रच रहा है। लाखों रुपये के सोने के आभूषण पहनकर घर से निकले कपड़ा व्यापारी पंकज का कथित तौर पर उसके दोस्त ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया। इसके बाद परिवार से दो करोड़ रुपये और घर में पड़ा सारा सोना मंगवाने की मांग की गई। बताया जा रहा है कि परिवार पैसे देने के लिए भी तैयार था, लेकिन आरोपियों को पकड़े जाने का डर सताने लगा और उन्होंने तेजधार हथियारों से पंकज की हत्या कर दी।

25 नवंबर की शाम दोस्त से मिलने निकला था पंकज
मृतक के साले रोहित मनचंदा की ओर से पुलिस को दिए गए बयानों के मुताबिक, 25 नवंबर की शाम करीब 6:46 बजे पंकज अरोड़ा पुत्र जीवन कुमार अपनी एक्टिवा पर सवार होकर दोस्त मिक्की आहूजा से मिलने घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान उसकी एक्टिवा मन्ना सिंह नगर की झुग्गियों के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद परिवार को अनहोनी और अपहरण की आशंका हुई और पुलिस को शिकायत दी गई।

13 तोले से अधिक सोना पहनकर निकला था घर से
परिजनों के मुताबिक, पंकज घर से निकलते समय करीब 8 तोले की सोने की चेन, 5 तोले का सोने का कड़ा और पांच सोने की अंगूठियां पहने हुए था। बताया जा रहा है कि आरोपियों की नजर पंकज के सोने के आभूषणों पर थी। दोस्त ने उसे प्रॉपर्टी का बड़ा सौदा करने के बहाने बुलाया था और अच्छे सोने के आभूषण पहनकर आने के लिए कहा था।

पत्नी पूजा से मांगे दो करोड़ और घर का सारा सोना
पुलिस हिरासत में मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा की ओर से किए गए कथित खुलासे के अनुसार, चारों आरोपियों ने मिलकर पंकज का अपहरण किया था। इसके बाद पंकज को घर फोन करने के लिए कहा गया और परिवार तक यह संदेश पहुंचाने को कहा गया कि घर में पड़ा सारा गोल्ड और दो करोड़ रुपये यहां पहुंचाए जाएं, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पंकज की पत्नी पूजा से फिरौती की मांग की थी। परिवार पंकज की जान बचाने के लिए पैसे देने को भी तैयार था, लेकिन आरोपियों को डर था कि फिरौती लेने के दौरान वे पुलिस के हत्थे चढ़ सकते हैं। इसी डर के चलते उन्होंने कथित तौर पर तेजधार हथियारों से पंकज की हत्या कर दी।
बठिंडा के गंदे नाले के पास छप्पर में फेंका शव
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बठिंडा की तरफ ले जाकर एक गंदे नाले के पास स्थित छप्पर में फेंक दिया, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें। करीब 30 घंटे तक परिवार पंकज की वापसी का इंतजार करता रहा। बाद में शव मिलने की जानकारी ने परिवार की उम्मीदों को हमेशा के लिए तोड़ दिया।
एक महीने पहले ही बना ली थी दोस्त को लूटने की योजना!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा ने कथित तौर पर करीब एक महीने पहले ही पंकज को लूटने की योजना बनानी शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि मिक्की को पिछले समय व्यापार में काफी नुकसान हुआ था। उसका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था और हालात इतने खराब हो गए थे कि परिवार आत्महत्या करने तक की नौबत में पहुंच गया था।
जब पंकज को अपने दोस्त के परिवार की इस परेशानी का पता चला तो उसने उन्हें समझाया और आर्थिक मदद करते हुए परिवार का पूरा कर्ज उतारने में सहयोग किया। जिस दोस्त के परिवार को मुश्किल समय में पंकज ने सहारा दिया, उसी दोस्त ने पैसों के लालच में कथित तौर पर उसकी जिंदगी ही छीन ली
थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा सहित अजय सिंह और शिवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की ओर से कथित तौर पर अपहरण और हत्या की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। मामले में चौथे आरोपी सचिन सहित अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मासूम बेटे की पुकार सुनकर हर आंख हुई नम
इस पूरी वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू पंकज का छह साल का मासूम बेटा है। उसे शायद अभी यह भी समझ नहीं आ रहा कि उसके पिता अब कभी घर लौटकर नहीं आएंगे। वह बार-बार अपने पापा को याद कर रहा है।
मासूम की यह पुकार हर किसी का दिल चीर रही है-
“पापा घर आ जाओ, मुझे आपके साथ सोना है…”
जिस पिता के साथ वह रोज सोता था, आज उसी पिता के इंतजार में उसकी आंखें दरवाजे पर लगी हैं। पत्नी पूजा का सुहाग उजड़ गया और एक मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस दोस्त पर पंकज ने अपने परिवार से भी ज्यादा भरोसा किया, जिस दोस्त के परिवार की मुश्किल घड़ी में उसने मदद की, आखिर उसी दोस्त ने पैसों के लालच में दोस्ती और इंसानियत दोनों का कत्ल कैसे कर दिया?














