भाखड़ा-ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी को पंजाब पुलिस ने नंगल डैम में प्रवेश से रोका
चंडीगढ़ (रोजाना भास्कर): देर रात भाखड़ा बांध से पानी छोड़ने के प्रयास में घूम रहे बीबीएमबी अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद तनाव बढ़ गया है। भाखड़ा-ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी को आज सुबह पंजाब पुलिस ने नंगल डैम में प्रवेश करने से रोक दिया। जानकारी के अनुसार, डैम के बाहर पहले से तैनात पुलिस ने न केवल चेयरमैन बल्कि अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अंदर जाने से मना कर दिया।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस को डैम के संचालन और नियंत्रण में हस्तक्षेप करने से रोका है, लेकिन डैम की सुरक्षा की जिम्मेदारी से इंकार नहीं किया गया है। चेयरमैन ने इस घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी है।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर भाखड़ा डैम को लेकर पंजाब में सियासी तापमान बढ़ा दिया है, खासकर ऐसे समय में जब देश में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।