एक और व्यक्ति ने दर्ज कराई शिकायत, पुरानी रंजिश और संपत्ति विवाद भी आया सामने
रोजाना भास्कर (जालंधर): वार्ड नंबर 68 से पार्षद चुनाव हारने वाले प्रत्याशी निखिल अरोड़ा की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस पार्षद बंटी नीलकंठ से कथित मारपीट के मामले में जहां पहले से ही शिकायत दर्ज है, वहीं अब एक अन्य व्यक्ति हर्ष शर्मा ने भी निखिल अरोड़ा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
हर्ष शर्मा ने आरोप लगाया कि निखिल अरोड़ा उनके साथ पुरानी रंजिश रखता है। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले उन्होंने निखिल और उसके भाई को दफ़्तर किराए पर दिया था, लेकिन दोनों ने लंबे समय तक न तो किराया चुकाया और न ही बिजली के बिल, साथ ही दफ़्तर खाली करने से भी इनकार कर दिया। शर्मा का आरोप है कि निखिल ने दफ़्तर का सारा सामान भी नुक़सान पहुंचाया।
इससे पहले कांग्रेस पार्षद बंटी नीलकंठ ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें उन्होंने निखिल पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया था। बंटी ने यह भी आरोप लगाया कि निखिल के भाई ने पहले गोली चलाई थी, लेकिन विधायक रमन अरोड़ा के दबाव में उस समय कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
इस पूरे मामले ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और अब पुलिस पर निष्पक्ष जांच का दबाव भी बढ़ गया है। मामले की जांच जारी है।