पंजाब के दो युवकों की कनाडा में गोली मारकर हत्या, जन्मदिन मनाने के लिए जा रहे थे दोस्त के घर

जालंधर (रोजाना भास्कर ब्यूरो): कनाडा के एडमिंटन शहर में स्टडी वीजा पर गए पंजाब के दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने बुढलाडा क्षेत्र के गांवों को गहरे शोक में डुबो दिया है। बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर विदेश गए दोनों युवक हिंसा का शिकार हो गए।

कनाडा के एडमोंटन में दो पंजाबी छात्रों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पंजाब के बुढलाडा के पास के गांवों के रहने वाले पीड़ितों की पहचान बरहा के गुरदीप सिंह (27) और उद्दत सैदेवाला के रणवीर सिंह (18) के रूप में हुई है। दोनों पढ़ाई के लिए कनाडा गए थे।

गुरदीप सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और शादीशुदा था। वह करीब ढाई वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी थी और वह वर्क परमिट पर जाने की तैयारी कर रहा था।

गोलीकांड में बोहा क्षेत्र के गांव उड़त सैदेवाला निवासी 18 वर्षीय रणवीर सिंह की भी मौत हो गई। रणवीर सिंह अविवाहित था और करीब डेढ़ वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। वह पढ़ाई के सिलसिले में एडमिंटन में रह रहा था।