BJP में नया विवाद! कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केवल ढिल्लों की ताजपोशी पर उठाए सवाल

लुधियाना/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब भाजपा के नए प्रदेश प्रधान के रूप में केवल ढिल्लों की नियुक्ति को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ढिल्लों उनके पुराने मित्र जरूर हैं, लेकिन राजनीतिक क्षमता के लिहाज से वे पंजाब भाजपा का नेतृत्व करने के लिए सही विकल्प नहीं हैं।

कैप्टन ने दावा किया कि उन्हें इस महत्वपूर्ण फैसले से पहले विश्वास में तक नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा जैसे अनुभवी नेताओं को हटाने की कोई जरूरत नहीं थी, क्योंकि दोनों पार्टी के मजबूत स्तंभ थे।

कैप्टन ने भाजपा की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस में फैसलों से पहले नेताओं की राय ली जाती थी, जबकि भाजपा में निर्णय ऊपर से थोप दिए जाते हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि इस फैसले के राजनीतिक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। साथ ही कहा कि केवल जातीय समीकरणों के आधार पर नेतृत्व तय करने के बजाय पंजाब के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

AAP सरकार पर भी निशाना साधते हुए कैप्टन ने कहा कि पंजाब की सरकार दिल्ली से चल रही है और राज्य के विधायकों की भूमिका सीमित होकर रह गई है।