जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर में उस समय राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं, जब आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा और कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों पूछताछ के लिए पहुंचे। दोनों नेताओं के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों की जांच जारी है।

रमन अरोड़ा से पहले भी कई घंटों तक पूछताछ की जा चुकी है। उन पर कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच चल रही है। वहीं, पूर्व कांग्रेस विधायक किक्की ढिल्लों भी अपने खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति मामले में ED के समक्ष पेश हुए।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी दोनों मामलों में वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की पड़ताल कर रही है। एक ही दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं का ED के सामने पेश होना राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई क्या होगी और क्या इन मामलों में कोई बड़ा खुलासा सामने आता है।














