Gold-Silver खरीदना अब और महंगा! सरकार ने Import Duty बढ़ाकर दिया बड़ा झटका

नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो: सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ा झटका सामने आया है। केंद्र सरकार ने Gold और Silver पर आयात शुल्क (Import Duty) 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है। सरकार का कहना है कि यह फैसला विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने, व्यापार घाटा नियंत्रित करने और भारतीय रुपए को मजबूती देने के लिए लिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% AIDC सेस लगाया गया है, जिससे अब सोना-चांदी की खरीद पहले से ज्यादा महंगी हो जाएगी। भारत दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड इंपोर्ट करने वाले देशों में शामिल है, ऐसे में इस फैसले का सीधा असर घरेलू बाजार और ज्वेलरी कारोबार पर देखने को मिलेगा।

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने हाल ही में लोगों से एक साल तक सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। माना जा रहा है कि सरकार का यह कदम उसी रणनीति का हिस्सा है, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखा जा सके।

हालांकि, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि बढ़ी हुई ड्यूटी से गोल्ड-सिल्वर की तस्करी फिर बढ़ सकती है और बाजार में मांग कमजोर पड़ सकती है।