जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। फगवाड़ा गेट की मोबाइल मार्कीट से जुड़े एक कारोबारी पर GST विभाग ने बड़ा शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन की एक बड़ी खेप को अपने कब्जे में लिया है। जब्त किए गए मोबाइल फोन की कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

बिना GST बिल के मोबाइल कारोबार का आरोप
जानकारी के मुताबिक, GST विभाग को मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त में GST नियमों के उल्लंघन की आशंका थी। कार्रवाई के दौरान मोबाइल की खेप को जांच के लिए रोका गया। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री से संबंधित जरूरी GST बिल और अन्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पाए, जिसके बाद पूरी खेप को कब्जे में ले लिया गया।
दस्तावेजों और लेन-देन की जांच शुरू
फिलहाल GST विभाग की टीम जब्त किए गए मोबाइल फोन से जुड़े बिल, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, टैक्स भुगतान और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि मोबाइल की इस खेप से संबंधित टैक्स और अन्य जरूरी औपचारिकताओं का पालन किया गया था या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, जांच में यदि GST नियमों के उल्लंघन या टैक्स चोरी की पुष्टि होती है तो कारोबारी के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है और FIR दर्ज करने की तैयारी भी की जा रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि जब्त किए गए मोबाइल फोन के संबंध में वास्तविक टैक्स देनदारी और नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।














