NEET पेपर लीक पर बड़ा एक्शन: NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त, कई पर होगी कानूनी कार्रवाई; एजेंसी में बड़े सुधार की तैयारी

नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। NEET 2026 प लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एजेंसी ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है, जबकि कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। एनटीए अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी का पूरी तरह कायाकल्प किया जाएगा और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुधार लागू किए जाएंगे।।

यह कार्रवाई उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी के पंचायती राज मंत्रालय में तबादले के एक दिन बाद सामने आई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में एनटीए की कार्यप्रणाली और परीक्षा संचालन व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

पिछले दो महीनों से शिक्षा मंत्रालय लगातार विवादों में रहा है। पहले CBSE की कक्षा 12 की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर सवाल उठे और उसके बाद NEET-UG पेपर लीक मामले ने देशभर में छात्रों का आक्रोश बढ़ा दिया। पेपर लीक, प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर छात्र आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर फैल चुका है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और संसद में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि 2024 में भी NEET और UGC-NET पेपर लीक विवाद के बाद तत्कालीन NTA महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को पद से हटाकर अनिवार्य प्रतीक्षा पर भेजा गया था। बाद में उन्हें इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया और फिर उनके मूल कैडर छत्तीसगढ़ वापस भेज दिया गया।