जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो| पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) में कथित अवैध औद्योगिक प्लॉट आवंटन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने पंजाब-चंडीगढ़ में 11 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। 4 से 6 अगस्त तक चले तलाशी अभियान के दौरान चंडीगढ़, अमृतसर, गुरदासपुर और लुधियाना में कई परिसरों की जांच की गई, जबकि PSIEC कार्यालय में सर्वे भी किया गया।

ED के मुताबिक, तलाशी में ₹12.15 लाख की अघोषित नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस बरामद हुए। वहीं PSIEC के दो सेवानिवृत्त अधिकारियों सुरिंदर पाल सिंह, Retd. CGM और जसविंदर सिंह रंधावा, Retd. GM से जुड़े बैंक खातों में करीब ₹4.01 करोड़ की राशि फ्रीज की गई है।
रिश्तेदारों और करीबियों को प्लॉट देने का आरोप
ED की जांच में आरोप है कि PSIEC के कुछ अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और अन्य करीबियों को कथित तौर पर नियमों की अनदेखी कर औद्योगिक प्लॉट आवंटित किए। जांच में फर्जी फर्मों और पतों के इस्तेमाल तथा प्लॉटों को आगे बाजार भाव पर बेचने के मामले भी सामने आने का दावा किया गया है।
एजेंसी के अनुसार, कुछ औद्योगिक प्लॉटों को बाद में रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉटिंग की ओर डायवर्ट किया गया। मामले की शुरुआत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की FIR के आधार पर हुई थी। ED की जांच अभी जारी है।














