जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर ग्रामीण पुलिस ने आदमपुर के चर्चित हत्या कांड का तेजी से खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल भी बरामद कर ली है। यह कार्रवाई एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क (PPS) के दिशा-निर्देश और एसपी (जांच) विनीत आहलावत (IPS), डीएसपी राजीव कुमार, सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली तथा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार की निगरानी में की गई।

पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को गांव दरोली कलां निवासी 26 वर्षीय दविंदर सिंह उर्फ बाजा की मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू के घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे गांव की घेराबंदी कर सभी रास्तों को सील कर जांच शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि वारदात के समय घर के अंदर पांच लोग मौजूद थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ गंगू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हरमन, वरुण और आकाश की पहचान कर ली गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कमरे के अंदर ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल से 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई थी। मौके से बरामद पिस्तौल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। गोलीबारी के कारण कमरे की दीवारों और सामान को भारी नुकसान पहुंचा।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि मृतक दविंदर सिंह उर्फ बाजा एक हार्डकोर अपराधी था, जो हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और वह पहले भी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हो चुका था। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी निजी रंजिश सामने आई है।
फिलहाल थाना आदमपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।














