कानून व्यवस्था पर सवाल: घर से उठाकर छत पर ले गए, बेरहमी से पीटा; 19 वर्षीय युवक की मौत, 5 पर केस

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। सीमावर्ती गांव सैदपुर खुर्द में आपसी रंजिश और शक को लेकर 18-19 वर्षीय हरप्रीत सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर चोटों के बाद हरप्रीत की मौत हो गई। मृतक के पिता कश्मीर सिंह के बयान पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, हरप्रीत घर में सो रहा था, तभी पड़ोसी परिवार के कुछ लोग उसे कथित तौर पर जबरन उठाकर छत पर ले गए और वहां बेरहमी से पीटा। परिवार का आरोप है कि आरोपियों को हरप्रीत की किसी अन्य युवक के साथ दोस्ती के जरिए अपने परिवार की लड़की से संबंध होने का शक था। इसी शक और रंजिश के चलते मारपीट की गई।

मृतक के पिता का आरोप है कि हरप्रीत को छुड़ाकर घर लाने के बाद भी आरोपियों ने उनके घर के बाहर चारपाइयां डालकर रास्ता रोक दिया। जब परिवार उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश करता, तो आरोपी कथित तौर पर दरांती लेकर घर पहुंच जाते थे। परिजनों के मुताबिक, समय पर इलाज नहीं मिल पाने के कारण हरप्रीत की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

जांच अधिकारी SI नरेंद्र सिंह ने बताया कि कश्मीर सिंह के बयानों के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 19 तारीख की रात हरप्रीत से मारपीट हुई थी और अगले दिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।