जनगणना ड्यूटी से गायब 82 अध्यापकों पर प्रशासन सख्त, वेतन रोकने के आदेश जारी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वाले 82 सरकारी अध्यापकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार द्वारा जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किए गए ये अध्यापक लगातार ड्यूटी से गैरहाज़िर पाए गए। अधिकारियों के अनुसार कई शिक्षकों ने न केवल ड्यूटी पर जाने से परहेज किया, बल्कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद सरकारी अधिकारियों के फोन और नोटिसों का भी जवाब नहीं दिया।

लंबे समय तक अनुपस्थित रहने और सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने के चलते संबंधित अध्यापकों की तनख़्वाह रोकने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। कार्रवाई की जद में कोट सदीक, बस्ती शेख, अठोला, मॉडल हाउस, लाजोवाली रोड, फोलड़ीवाल और सुभाना सहित विभिन्न सरकारी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।