जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: मॉडल टाउन स्थित बहुचर्चित 21.74 मरले की करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी विवाद में नया मोड़ सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर-6 की जनरल डायरी (GD) रिपोर्ट में दर्ज जांच के अनुसार, डॉ. जशनीव कपूर द्वारा वर्ष 2022 में करीब 2.80 करोड़ रुपये में उक्त प्रॉपर्टी खरीदने, रजिस्ट्री करवाने और कब्जा लेने संबंधी दस्तावेजों की पुष्टि होने की बात सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक डॉ. कपूर ने प्रॉपर्टी खरीदने के बाद अपने नाम पर बिजली कनेक्शन, सीवरेज कनेक्शन और नगर निगम से बिल्डिंग प्लान भी पास करवाया।
इसके अलावा निर्माण कार्य के लिए बैंक से 90 लाख रुपये का लोन लेने और साइट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी उल्लेख किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रॉपर्टी को लेकर दोनों पक्षों के बयान, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।
वहीं, डॉ. कपूर ने पहले भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि निर्माण कार्य में बाधाएं डाली जा रही हैं और मजदूरों को डराया-धमकाया जा रहा है।
फिलहाल मामला कानूनी और पुलिस जांच के दायरे में है तथा संबंधित पक्षों के दावों और दस्तावेजों की जांच जारी है।














