जालंधर के सत्यम अस्पताल में 7 साल के बच्चे की मौत:परिजन बोले- मिलने नहीं दिया, धक्का-मुक्की की; छत से गिरने पर कराया था भर्ती

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर के कपूरथला चौक स्थित सत्यम अस्पताल में एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद परिवार ने भारी हंगामा किया। परिवार ने कहा कि उन्हें बच्चे से मिलने नहीं दिया गया और उसकी मौत की बात छिपाई गई। वहीं, इलाज के नाम पर लगातार पैसे जमा कराने का भी दबाव बनाया जाता रहा।

पिता शमशेर ने रोते हुए कहा कि वे गरीब परिवार से हैं। सोमवार को बच्चा छत से गिर गया था, जिससे उसके सिर में चोट लग गई थी। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे सत्यम अस्पताल भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ ने शुरुआत से ही उनसे केवल पैसों की मांग की। कभी दवाइयों के नाम पर तो कभी टेस्ट के नाम पर हजारों रुपए जमा करवाए गए, लेकिन बच्चे की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

परिवार का आरोप- बच्चे से मिलने तक नहीं दिया गया

उन्होंने कहा कि जब भी वे बच्चे से मिलने की कोशिश करते, तो उन्हें बार-बार समय देकर टाल दिया जाता था। 5 बजे, 6 बजे और फिर 7-8 बजे का समय दिया गया। परिजनों को शक हुआ और उन्होंने अंदर जाने की कोशिश की तो अस्पताल के बाउंसरों व सिक्योरिटी गार्ड्स ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। काफी मशक्कत के बाद जब बच्चे के चाचा अंदर पहुंचे, तब जाकर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

अस्पताल प्रशासन पैसे ऐंठने में लगा था

परिजनों का आरोप है कि जब बच्चे की मौत हो चुकी थी, तब भी अस्पताल प्रशासन उनसे पैसे ऐंठने में लगा हुआ था। अगर अस्पताल समय रहते उन्हें बच्चे की गंभीर स्थिति बता देता या डिस्चार्ज कर देता, तो वे उसे किसी अन्य अस्पताल ले जा सकते थे। मृतक बच्चा अपने माता-पिता का अकेला बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार अस्पताल के बाहर बैठकर इंसाफ की गुहार लगा रहा है।

SHO बोलीं- मामले की पूरी जांच की जा रही है

112 नंबर पर मिली शिकायत के बाद थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। SHO अनु ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।