जालंधर में निकली भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालु हुए नतमस्तक, “जय जगन्नाथ” के जयघोष से भक्तिमय हुआ शहर

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। विश्व प्रसिद्ध पुरी (ओडिशा) की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से प्रेरित होकर तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति, जालंधर द्वारा आयोजित भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 का शुक्रवार को भव्य आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली इस दिव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को आस्था, भक्ति, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता के रंग में रंग दिया। हाल के वर्षों में इसे जालंधर की सबसे विशाल और ऐतिहासिक रथ यात्राओं में से एक माना जा रहा है।

दोपहर करीब 3:00 बजे कंपनी बाग चौक (श्री राम चौक) से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पावन रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत, पुष्प वर्षा और “जय जगन्नाथ” के जयघोष के बीच रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए साईं दास स्कूल ग्राउंड पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों और समापन समारोह का आयोजन किया गया। पटेल चौक पर धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग और युवाओं ने पुष्प वर्षा कर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया (IAS), पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS), मेयर वनीत धीर, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना, नितिन कोहली, शीतल विज, अभिजय चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी, धार्मिक नेता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

मेयर वनीत धीर ने कहा कि इतनी भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन पूरे जालंधर के लिए गर्व का विषय है। वहीं कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने इसे प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्यपूर्ण अवसर बताते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। नितिन कोहली ने कहा कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और अधिक भव्य रूप लेगा तथा अधिक श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा।

रथ यात्रा के सफल आयोजन में तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। निशांत धीर, अंगद तलवार, अभय ठुकराल, शुभम कपूर, सुशांत खेड़ा, अंबरीश कश्यप और ख्याति कोहली सहित पूरी टीम ने व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला।

शाम 8:00 बजे भगवान जगन्नाथ को 56 भोग अर्पित किए गए, जिसके बाद 8:30 बजे भव्य महाआरती हुई। हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर विश्व शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। रात 9:00 बजे अंगद तलवार द्वारा आयोजित विशेष भजन क्लबिंग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ने का अनूठा संदेश दिया।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, एकता, सद्भाव और भारत की सनातन संस्कृति का महापर्व है, जो समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है।