नागरा फाटक के पास श्री गुरु नानक नगर में हुई घटना, सामान शिफ्ट करने के लिए गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। थाना डिवीजन नंबर-1 के अंतर्गत आते श्री गुरु नानक नगर, नागरा फाटक के पास घर के बाहर खड़ी एक कार पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां चलाने का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के पीछे गाड़ी पार्क करने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी नॉर्थ जालंधर कर्नैल सिंह, पीपीएस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह थाना डिवीजन नंबर-1 के मुख्य अधिकारी और पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि श्री गुरु नानक नगर निवासी साहिल पुत्र जनक राज की गाड़ी उसके घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान कुछ व्यक्तियों ने गाड़ी खड़ी करने पर आपत्ति जताई। बताया गया कि उन्हें अपना सामान शिफ्ट करना था, जिसके चलते उन्होंने साहिल से गाड़ी किसी अन्य स्थान पर खड़ी करने के लिए कहा।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अज्ञात व्यक्तियों ने कार पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।
एसीपी नॉर्थ कर्नैल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की ओर से मामले की बारीकी से जांच जारी है।














