जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर में शनिवार सुबह करीब 6 बजे बाईपास स्थित भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार को सड़क पर खड़े कैंटर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी। बताया गया कि हाईवे पर एक कैंटर सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कैंटर से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बेहद तेज थी और बताया जा रहा है कि वह करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से जा रही थी।

हादसे के बाद कार में बैठे दो युवकों के शव फ्रंट सीट पर फंस गए, जबकि एक युवक का शव सड़क पर जा गिरा। क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान अभी की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।














