जालंधर में मोटरसाइकिल साइड न करने पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायर! पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, डिलीवरी बॉय से हुआ था विवाद 

जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। मिठापुर के कुक्की ढाब इलाके में मामूली विवाद के बाद लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गली में मोटरसाइकिल साइड करने को लेकर हुए विवाद के दौरान रेत-बजरी और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी हथियार से हवा में फायर कर दिए।

मोटरसाइकिल हटाने को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि गली में मोटरसाइकिल खड़ी होने को लेकर युवकों और उक्त व्यक्ति के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि मोटरसाइकिल साइड न करने पर गुस्से में लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग कर दी गई। गोली चलने के बाद मामला बिगड़ता देख आरोपी पक्ष की ओर से खुद पर खतरा होने की बात भी कही गई।

पुलिस मौके पर पहुंची, कार्रवाई पर सवाल

फायरिंग की सूचना मिलने के बाद थाना नंबर-7 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं।

लोगों का कहना है कि यदि मामूली विवाद में लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की गई है तो हथियार के लाइसेंस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

सवाल यह भी उठ रहा है कि लाइसेंसी हथियार आम लोगों की सुरक्षा के लिए हैं या मामूली विवादों में दहशत पैदा करने के लिए?

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और हथियार के लाइसेंस को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।