मानसा, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या को लेकर चल रहे प्रदर्शन में सरकार ने बातचीत की नई पहल की है। सरकार ने झोटा हत्याकांड की एक्शन कमेटी से वार्ता के लिए 3 महिला IAS अफसरों की टीम बनाई है। इनमें कंवलप्रीत कौर बराड़, अपनीत रियात और मानसा की DC नवजोत कौर शामिल हैं। बराड़ फरीदकोट रेंज की कमिश्नर हैं जबकि अपनीत रियात पहले मानसा की DC रह चुकी हैं।

इससे पहले सरकार ने पुलिस अफसरों से बातचीत करने की कोशिश की थी लेकिन एक्शन कमेटी ने इससे इनकार कर दिया। एक्शन कमेटी मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके बगैर वह पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार न कराने पर अड़े हुए हैं। झोटा का शव 7 दिन से मानसा के अस्पताल में रखा गया है।
वहीं, झोटा की हत्या के विरोध में इंसाफ कमेटी और किसान आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के घरों के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों को ‘लानत पत्र’ दिए जाएंगे।अगर विधायक ये पत्र लेने से इनकार करते हैं, तो उनके घरों के बाहर चिपका दिए जाएंगे।












