अमेरिका में डेंटिस्ट की पढ़ाई छोड़ पंजाब लौटीं बोलीं- ‘कोई मां के पेट से गैंगस्टर पैदा नहीं होता’
गुरदासपुर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब की राजनीति में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। गैंगस्टर जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर ने सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। अमेरिका में डेंटिस्ट की पढ़ाई और वहां की जिंदगी छोड़कर तीन दिन पहले पंजाब लौटीं अमनदीप ने गांव सर्फकोट में लोगों से मुलाकात के दौरान अपनी राजनीतिक मंशा जाहिर की। हालांकि, उन्होंने अभी किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने या निर्दलीय चुनाव लड़ने को लेकर फैसला नहीं किया है।

‘मेरे पति जग्गू नहीं, जगदीप सिंह अठवाल हैं’
पति पर लगे गैंगस्टर के ठप्पे को लेकर अमनदीप कौर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, ‘कोई भी मां के पेट से गैंगस्टर पैदा नहीं होता।’ उनका कहना है कि उनके पति को केवल गैंगस्टर के नाम से नहीं, बल्कि एक आम इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने जग्गू भगवानपुरिया की पहचान जगदीप सिंह अठवाल के रूप में करने की अपील की।
चुनाव लड़ना तय, लेकिन पार्टी का नाम नहीं बताया
अमनदीप कौर ने स्पष्ट किया कि डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया गया है। हालांकि, वह किसी राजनीतिक पार्टी के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरेंगी या निर्दलीय उम्मीदवार बनेंगी, इस पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम और चेयरमैन राजविंदर कौर के साथ विचार-विमर्श के बाद इस संबंध में फैसला लिया जाएगा।












