अमृतसर के गांव गाजीवाल में छह कनाल जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। ब्यास कस्बे के गांव गाजीवाल में शनिवार दोपहर डेरा ब्यास की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में फायरिंग हो गई। गोली लगने से डेरा ब्यास के एक सेवादार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल बाबा बकाला साहिब में भर्ती करवाया गया है।

मृतक की पहचान मनजीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल सेवादार की पहचान दविंदर सिंह के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों सेवादार शनिवार को डेरा ब्यास की जमीन पर खेतीबाड़ी के काम से गांव गाजीवाल पहुंचे थे। इसी दौरान जौधबीर सिंह उर्फ जोधा अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा।

बताया जा रहा है कि छह कनाल जमीन को लेकर जौधबीर सिंह के परिवार का विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद कथित तौर पर फायरिंग की गई।
गोली लगने से मनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जमीन के विवाद के साथ-साथ फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, घटना के संबंध में पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।














