पंजाब की सेवा, खुशहाली और सर्वजन के कल्याण के लिए की अरदास, पत्नी बरिंदर प्रीत कौर भी रहीं साथ
चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक परगट सिंह ने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने से ठीक पहले अपनी पत्नी बरिंदर प्रीत कौर के साथ खालसा पंथ की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर नतमस्तक होकर पंजाब की खुशहाली, शांति और सर्वजन के कल्याण के लिए अरदास की।

इस दौरान उन्होंने तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेका और गुरु साहिब के समक्ष पंजाब की तरक्की तथा प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
परगट सिंह ने इस अवसर पर पंजाब की एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को और मजबूत बनाने की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की सेवा करना और प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वाहेगुरु से पंजाब की सेवा करने और सभी को साथ लेकर चलने की शक्ति प्रदान करने की अरदास की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पंजाब की मिट्टी, यहां के गौरवशाली इतिहास और भाईचारे की परंपरा के साथ गहरा रिश्ता रहा है। कांग्रेस ने हमेशा पंजाब के अधिकारों तथा किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की आवाज बुलंद करने का प्रयास किया है।
परगट सिंह ने संकल्प व्यक्त किया कि वह पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पंजाब की बेहतरी, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।














