नशे के खिलाफ जालंधर पुलिस एक्शन में! रात को शराब ठेकों के बाहर और दिन में 3 मेडिकल स्टोर चेक, ADCP बोलीं- कड़ी कार्रवाई होगी

महिलाओं और बच्चों की परेशानी की शिकायत पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी की कार्रवाई

ड्रग्स के साथ एक व्यक्ति राउंडअप, जालंधर में खुलेआम शराब पीने वालों पर पुलिस का एक्शन, 8 से 10 लोग राउंडअप; रेहड़ियों और ठेकों पर गिलास देकर पिलाने का खुलासा

ACP वेस्ट आतिश भाटिया की अगुवाई में ड्रग इंस्पेक्टर के साथ चेकिंग, रिकॉर्ड में खामियां मिलने पर मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत पुलिस कमिश्नर सतेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर जालंधर में नशे के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया और उनकी टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर तीन मेडिकल स्टोरों की जांच की। इस दौरान मेडिकल स्टोरों के रजिस्टर और बिल चेक किए गए। रिकॉर्ड में खामियां मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए।

बाबा खेल, घास मंडी और बाबू जगजीवन राम चौक में चेकिंग

नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस टीम ने बाबा खेल, बाबू जगजीवन राम चौक और घास मंडी सहित विभिन्न इलाकों में जांच की। इस दौरान डे-एडिक्शन सेंटरों, खाली प्लॉटों और पार्कों की भी चेकिंग की गई, ताकि नशे से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

मेडिकल स्टोरों से नशीली दवाएं नहीं मिलीं, ड्रग्स के साथ एक व्यक्ति राउंडअप

एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि मेडिकल स्टोरों की जांच के दौरान कोई नशीली दवा बरामद नहीं हुई। हालांकि, अभियान के दौरान एक व्यक्ति को राउंडअप किया गया, जिसके पास से ड्रग्स बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में पुलिस प्रशासन के साथ सिविल प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर और एसडीएम की टीम भी शामिल रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शराब… महिलाओं और बच्चों की परेशानी की शिकायत पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी की कार्रवाई

जालंधर। जालंधर में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने और लोगों को होने वाली परेशानी की शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह की देखरेख में आयोजित संपर्क बैठकों के दौरान स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या को उठाया। लोगों ने शिकायत की कि शहर में कई जगहों पर सरेआम शराब पी जाती है, जिससे शाम के समय महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

जोन-2 में विशेष चेकिंग, 8 से 10 लोग राउंडअप

लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जोन-2 के विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और माहौल खराब करने के आरोप में 8 से 10 लोगों को राउंडअप किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

रेहड़ियों और ठेकों पर गिलास देकर पिलाने का मामला आया सामने

चेकिंग के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि कुछ रेहड़ियों और शराब के ठेकों के आसपास खुलेआम गिलास उपलब्ध कराकर शराब पीने की सुविधा दी जा रही थी। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर ऐसी सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

ADCP-2 माधवी शर्मा ने दी जानकारी

एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि शहर में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना मिलने पर मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।