नई दिल्ली/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एक ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक इंटरव्यू में भाजपा के अपने पसंदीदा नेता के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लेते हुए उन्हें बेहतरीन सैन्य इतिहासकार और अपने पसंदीदा नेताओं में से एक बताया। राहुल का यह बयान राजनीतिक गलियारों में कई तरह के संकेतों के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की संसद भवन में हुई मुलाकात ने भी चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे पंजाब में आगामी चुनावों और संभावित राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
दोनों घटनाक्रमों के बाद पंजाब की राजनीति में अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि, किसी भी नए राजनीतिक गठबंधन या बदलाव को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।














