पंजाब, रोजाना भास्कर ब्यूरो। राज्य में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के लिए 27 नवंबर को रात 8 बजे सभी जिलों में ‘एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत होने वाले इस अभ्यास की शुरुआत दो मिनट तक तेज आवाज में उतार-चढ़ाव वाले सायरन बजाकर होगी।

मॉक ड्रिल के लिए डिप्टी कमिश्नरों द्वारा निर्धारित इलाकों में ब्लैकआउट किया जाएगा। इन क्षेत्रों के लोगों को घरों और प्रतिष्ठानों की गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाओं पर इसका असर नहीं पड़ेगा। अभ्यास समाप्त होने पर दो मिनट तक लगातार एक जैसी आवाज में सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया जाएगा।
इस दौरान आग बुझाने, सर्च एंड रेस्क्यू, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और ट्रैफिक व भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को भी परखा जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर या लाइटें बंद होने पर घबराएं नहीं। यह केवल पहले से निर्धारित सुरक्षा अभ्यास है। अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।














