बार-बार सील, फिर कैसे खुल रही अवैध बिल्डिंग? नगर निगम की कार्रवाई पर उठे बड़े सवाल

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो| लाडोवाली रोड स्थित संत नगर में एक कथित अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस इमारत को कई बार सील किया गया और दो बार डिच मशीन चलाकर कार्रवाई भी की गई, उसी भवन में दोबारा निर्माण कार्य शुरू हो गया। इससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर बार-बार सील कैसे खुल रही है और किसकी शह पर यह निर्माण जारी है?

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने नगर निगम आयुक्त, डीसी कार्यालय और अन्य संबंधित अधिकारियों को लगातार शिकायतें दी थीं। शिकायतों के बाद निगम ने बिल्डिंग को सील किया और अवैध हिस्से पर कार्रवाई भी की, लेकिन इसके बावजूद निर्माण दोबारा शुरू हो गया।

निगम अधिकारियों का दावा है कि उन्होंने सील नहीं खोली, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।

इलाका निवासियों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, सील तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो, यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा निर्माण कार्य तुरंत बंद कर दोबारा सीलिंग की जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए। यदि प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अवैध निर्माण जारी रहता है तो यह कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे नगर निगम के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।