ब्रेकअप के बाद बना हैवान! मोहाली में युवती की चाकू मारकर हत्या, आरोपी ने खुद पर भी किया हमला

मोहाली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मोहाली के फेज-11 स्थित सेक्टर-66 के पास एक निजी कंपनी में काम करने वाली 30 वर्षीय डिंपल की उसके पूर्व साथी ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे और पहले प्रेम संबंध में थे। करीब छह महीने पहले हुए ब्रेकअप के बाद आरोपी दोबारा रिश्ता जोड़ना चाहता था, लेकिन युवती ने उससे दूरी बना ली थी।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कार्यालय में ही युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।

घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।