मजीठा में हथियारबंद बदमाशों का धावा, 357 बोरी गेहूं लूटकर फरार

अमृतसर/मजीठा, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मजीठा में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक निजी एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाकर सुरक्षा कर्मियों को बंधक बना लिया और गेहूं की 357 बोरियां लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर एक आरोपी कश्मीर सिंह निवासी वेरका को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर आशीष महाजन के अनुसार, रात करीब 1:15 बजे कई बदमाश तेजधार हथियारों के साथ गोदाम में दाखिल हुए। उन्होंने सुरक्षा गार्डों को जान से मारने की धमकी देकर एक कमरे में बंद कर दिया और गोदाम से गेहूं की बोरियां निकालकर वाहन नंबर PB02-EP-2706 में लाद लीं।

स्टॉक की जांच में 357 बोरी गेहूं कम पाया गया। पुलिस जांच में वारदात में कश्मीर सिंह और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद कश्मीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब लूटी गई गेहूं की बोरियों की बरामदगी, फरार आरोपियों की पहचान और वारदात में इस्तेमाल वाहन व हथियारों के संबंध में जांच कर रही है।