जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर की मिट्ठू बस्ती में हाल ही में हुए धार्मिक विवाद मामले में पंजाब माइनॉरिटी कमीशन की गठित जांच कमेटी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज किए। परिवार का आरोप है कि जब वे अपने घर में ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार प्रार्थना कर रहे थे, तब कुछ स्थानीय और बाहरी लोग वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।

जांच कमेटी ने जुटाए तथ्य, तैयार होगी रिपोर्ट
जांच कमेटी के सदस्य वलायत मसीह उर्फ बंटी अजनाला ने बताया कि परिवार ने विस्तार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। कमेटी ने सभी पक्षों की बातें सुनने के बाद तथ्यों को एकत्र कर लिया है और अब विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
पंजाब सरकार और चेयरमैन को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
कमेटी द्वारा तैयार की जाने वाली रिपोर्ट पंजाब सरकार और माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन गौरव मसीह को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
मामले पर टिकी सबकी नजरें
धर्म परिवर्तन के आरोपों और विवाद के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।














