राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, कोटा रेल मंडल में मचा हड़कंप; ट्रेन से कूदे यात्री 

कोटा/नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो: राजधानी एक्सप्रेस में अल सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा Kota Rail Division के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा स्टेशन के बीच हुआ, जहां ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच आग की चपेट में आ गए।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया और कोटा से राहत एवं मेडिकल टीम को मौके पर रवाना किया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक कोच में धुआं भरने से दहशत फैल गई और यात्री जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे।

रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। एहतियात के तौर पर OHE बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।