अयोध्या/लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन मामले में बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह कार्रवाई एसआईटी की जांच रिपोर्ट और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत के आधार पर की गई है। हालांकि एफआईआर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय या किसी अन्य ट्रस्टी का नाम शामिल नहीं है।

नामजद आरोपियों में रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, लवकुश मिश्र, अनुकल्प मिश्र, मनीष यादव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्र शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी मंदिर के चढ़ावे की गिनती, दानपात्रों की निगरानी और नकदी प्रबंधन से जुड़े रहे हैं।
आरोप है कि चढ़ावे की रकम में हेराफेरी कर अवैध संपत्ति बनाई गई। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों के पास से लाखों रुपये भी बरामद किए गए हैं।
मामले में छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और कथित गबन की गहराई से जांच कर रही है।














