जालंधर में पूर्व विधायक सर्वजीत सिंह मक्कड़ के घर पहुंचे थे, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया सहित कई बड़े नेताओं ने किया स्वागत
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने जालंधर दौरे के दौरान आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। पूर्व विधायक सरबजीत मक्कड़ के निवास पर पहुंचे बादल ने कहा कि वह जालंधर में भाजपा और अकाली दल की सीनियर लीडरशिप से मिले हैं। उन्होंने गठबंधन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन पंजाब की जनता का गठजोड़ है और उन ताकतों के खिलाफ है, जिन्होंने पंजाब को तबाह किया है।

मोगा में AAP की रैली पर तंज कसते हुए सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि रैली पर पंजाब के सरकारी खजाने से पैसा खर्च किया जा रहा है और बड़ी संख्या में सरकारी बसें लगा दी गई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों को अपने कर्मचारियों को रैली में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

बादल ने कहा, “मेरी विनती है कि पंजाब को मत उजाड़िये, लोग तंग आ चुके हैं।” इस दौरान पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता मनोरंजन कालिया सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।














