अमृतसर पहुंचे सांसद अमृतपाल सिंह, एयरपोर्ट के अंदर ही रखा, गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाने की तैयारी

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को पुलिस टीम आसाम से अमृतसर लेकर पहुंच गई है। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे उनकी फ्लाइट श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड हुई। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अमृतपाल सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच फिलहाल एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही रखा गया है।


जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया जाएगा। यहां उनकी दादी का अंतिम संस्कार होना है। दादी के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब लाया गया है।
अमृतसर एयरपोर्ट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाने के दौरान भी पुलिस की निगरानी रहेगी।