गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर जालंधर में निकलेगा विशाल नगर कीर्तन: 21 नवंबर को सुबह 9 से रात 10 बजे तक कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन
डीसी वरजीत वालिया ने जारी किए आदेश, नगर कीर्तन के रूट और धार्मिक समागम स्थल के आसपास लागू रहेगी पाबंदी
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 21 नवंबर को जालंधर शहर में सजाए जाने वाले विशाल नगर कीर्तन को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष आदेश जारी किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए नगर कीर्तन के निर्धारित रूट और धार्मिक समागम स्थल के आसपास 21 नवंबर को मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।

स्कूलों-कॉलेजों में आधे दिन की छुट्टी
डिप्टी कमिश्नर द्वारा जारी एक अन्य आदेश के अनुसार, नगर कीर्तन के दिन लोगों की धार्मिक भावनाओं और विद्यार्थियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम जालंधर की सीमा में आने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों तथा कॉलेजों में दोपहर 12 बजे के बाद आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। यह आदेश स्कूलों और कॉलेजों के स्टाफ पर भी लागू होगा।
इन रास्तों से होकर गुजरेगा नगर कीर्तन
21 नवंबर को विशाल नगर कीर्तन श्री गुरु सिंह सभा, मोहल्ला गोबिंदगढ़ से आरंभ होगा। इसके बाद नगर कीर्तन एसडी कॉलेज, भारत सोडा वाटर, मंडी फैंटनगंज, गुरुद्वारा दीवान अस्थान, मिलाप चौक, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक, पंज पीर, खिंगरा गेट, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा चौक अड्डा होशियारपुर, माई हीरां गेट, पटेल चौक, बस्ती अड्डा, जीटी रोड, भगवान वाल्मीकि चौक और रैनक बाजार से होता हुआ गुरुद्वारा दीवान अस्थान, सेंट्रल टाउन (रजि.) में पहुंचकर संपन्न होगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जारी आदेशों का पालन करें और नगर कीर्तन के दौरान प्रशासन को सहयोग दें।
कमिश्नरेट पुलिस ने जारी किया विशेष ट्रैफिक प्लान, 20 से अधिक चौराहों और प्रमुख पॉइंट्स पर बदलेगी यातायात व्यवस्था; वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील

जालंधर। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 21 नवंबर 2026 (शनिवार) को जालंधर शहर में विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। नगर कीर्तन में संगत की भारी आमद को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आम जनता की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत लागू की जाएगी।
इन रास्तों से होकर गुजरेगा नगर कीर्तन
नगर कीर्तन 21 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मॉडल टाउन गोबिंदगढ़ से आरंभ होगा। इसके बाद यह अमृतसर कॉलोनी, भारत संचार निगम, रेलवे रोड, मंडी फैंटनगंज, गुरुद्वारा दीवान अस्थान, मोता सिंह नगर, मिलाप चौक, भगत सिंह चौक, पंज पीर चौक, बस्ती अड्डा, गुजरालपुरा, माई हीरां गेट, गुरुद्वारा वाल्मीकि गेट, पटेल चौक, सब्जी मंडी चौक और जालंधर चौक सहित निर्धारित मार्गों से होते हुए गुरुद्वारा श्री दीवान अस्थान, मोता सिंह नगर में पहुंचकर संपन्न होगा।
सुबह 9 से रात 10 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन
पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, 21 नवंबर को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख पॉइंट्स पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। इनमें मदन फिल्लौर मिल चौक, अलास्का चौक, टी-प्वाइंट रेलवे स्टेशन, इकहरी पुली दमोरिया पुल, किशनपुरा चौक/रेलवे फाटक, दोआबा चौक/रेलवे फाटक, पटेल चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक, चिक-चिक चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर मोड़, फुटबॉल चौक, टी-प्वाइंट शक्ति नगर, नकोदर चौक, स्काईलार्क चौक, प्रीत होटल मोड़, मखदूमपुरा गली, प्लाजा चौक, कंपनी बाग चौक (पीएनबी चौक), मिलाप चौक और शास्त्री मार्केट चौक शामिल हैं।
पुलिस की जनता से अपील
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने वाहन चालकों और आम जनता से अपील की है कि 21 नवंबर को निर्धारित समय के दौरान नगर कीर्तन के रूट पर जाने से बचें और आवागमन के लिए वैकल्पिक लिंक सड़कों का इस्तेमाल करें। साथ ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें, ताकि शहर में ट्रैफिक जाम और किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।ट्रैफिक संबंधी जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0181-2227296 पर संपर्क किया जा सकता है।














