कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर फायरिंग करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, तीन बार बनाया था निशाना

सरे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22-22 साल के दो युवक दबोचे; जुलाई से अक्टूबर 2025 के बीच तीन बार हुई थी ताबड़तोड़ गोलीबारी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ब्रिटिश कोलंबिया की प्रांतीय जबरन वसूली निरोधक टास्क फोर्स ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय प्रदीप सिंह और 22 वर्षीय सवीर खान के रूप में हुई है। दोनों को कनाडा के सरे शहर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ गोलीबारी से जुड़े आपराधिक आरोप लगाए गए हैं और फिलहाल वे हिरासत में हैं।

कपिल शर्मा ने कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में जुलाई 2025 में अपना ‘कप्स कैफे’ शुरू किया था। कैफे खुलने के कुछ ही दिनों बाद यह हमलावरों के निशाने पर आ गया। 10 जुलाई 2025 को पहली बार कैफे पर गोलियां चलाई गईं। इसके बाद 7 अगस्त 2025 को दूसरी और 16 अक्टूबर 2025 को तीसरी बार फायरिंग की गई। इस तरह महज कुछ महीनों के भीतर कैफे को तीन बार निशाना बनाया गया।

तीसरी वारदात के समय कैफे बंद था, लेकिन अंदर दो कर्मचारी मौजूद थे। गनीमत रही कि दोनों सुरक्षित बच गए। हमलावरों ने कैफे के शीशों और इमारत को गोलियों से छलनी कर दिया था। इन घटनाओं के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

गोल्डी ढिल्लों गैंग का नाम आया था सामने

जांच के दौरान गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का नाम सामने आया था। उसके गिरोह की ओर से भी इन हमलों की जिम्मेदारी लेने संबंधी दावे किए गए थे। पुलिस ने इन घटनाओं को जबरन वसूली से जुड़ी हिंसा के तौर पर जांच के दायरे में रखा था।

ताजा गिरफ्तारी में पकड़े गए दोनों आरोपियों पर कैफे के अलावा 12 अक्टूबर 2025 को सरे में एक मकान पर हुई गोलीबारी में शामिल होने का भी आरोप है। इस घटना में एक महिला घायल हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं के बीच संबंधों की जांच के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

दिल्ली पुलिस भी कर चुकी है एक गिरफ्तारी

इस मामले में इससे पहले नवंबर 2025 में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लुधियाना से बंधु मान सिंह सेखों को गिरफ्तार किया था। उसे गोलीबारी की साजिश का कथित मुख्य रणनीतिकार बताया गया था। आरोप था कि उसने कनाडा में गोलीबारी करने वाले हमलावरों को हथियार, वाहन और अन्य सहायता उपलब्ध कराई थी। उसके कब्जे से चीन निर्मित पिस्तौल बरामद होने की बात भी सामने आई थी।

कनाडा में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में नया मोड़ आ गया है। कपिल शर्मा के कैफे पर तीन बार हुई गोलीबारी के मामले में अब भारत और कनाडा दोनों देशों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हालांकि, सभी आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं।