डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए केवल सिंह ढिल्लों, फिर AAP सरकार पर बोला तीखा हमला

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को डेरा सचखंड बल्लां पहुंचकर पद्मश्री संत निरंजन दास जी का आशीर्वाद लिया और उन्हें पद्मश्री सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने 108 संत श्री सरवण दास जी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान ढिल्लों ने कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज को सही दिशा देने की प्रेरणा देता है और उन्हें विश्वास है कि भाजपा 2027 में पंजाब में मजबूत विकल्प बनकर सरकार बनाएगी।

मीडिया से बातचीत में ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की तीन महीने में पंजाब को नशा-मुक्त बनाने की गारंटी पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उनका आरोप था कि साढ़े चार साल बाद भी नशा पहले से अधिक बढ़ा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं।

होशियारपुर जेल मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जेलों में खुलेआम नशा और मोबाइल फोन का इस्तेमाल सरकार की नाकामी का सबूत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों की बजाय केवल “चुटकुलों और ड्रामेबाज़ी” में व्यस्त है। महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह देने के वादे, कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार को घेरा तथा दावा किया कि 2027 में पंजाब की जनता भाजपा को सत्ता सौंपेगी।