छह-राज्यीय क्षेत्रीय सम्मेलन के लिए राज्यपाल को सौंपा निमंत्रण पत्र
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब के सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को लेकर लघु उद्योग भारती (पंजाब) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद विजय सांपला के नेतृत्व में पंजाब के माननीय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों से अवगत कराया और समाधान हेतु प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की।

लघु उद्योग भारती जनसंचार बोर्ड (उत्तर क्षेत्र) के प्रभारी विक्रान्त शर्मा ने बताया कि भेंट के दौरान संगठन के पंजाब उपाध्यक्ष अशोक सेठी ने ‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’ योजना के तहत वर्ष 2022 में स्वीकृत मामलों की सब्सिडी जारी करने में हो रही देरी का मामला प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमी वर्तमान में बैंक ऋण पर निरंतर ब्याज चुका रहे हैं। यदि सब्सिडी जारी करने में और विलंब हुआ, तो ब्याज की लागत सब्सिडी की मूल राशि को ही समाप्त कर देगी, जिससे छोटे उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा।
संगठन के प्रदेश महासचिव विवेक राठौर ने उद्योगों से जुड़ी अन्य प्रमुख समस्याओं, जैसे अघोषित बिजली कटौती, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा उद्योग-हितैषी नीतियों में आ रही विसंगतियों को राज्यपाल के समक्ष रखा। उन्होंने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुना और सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लघु उद्योग पंजाब की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की रीढ़ हैं, और इनके सुदृढ़ीकरण से ही राज्य के औद्योगिक विकास को गति मिल सकेगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने जालंधर में आगामी 19 व 20 दिसंबर को आयोजित होने वाले छह-राज्यीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए माननीय राज्यपाल को औपचारिक निमंत्रण पत्र भी सौंपा। इस सम्मेलन में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर से 500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
बैठक के दौरान प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप मोंगिया, कोषाध्यक्ष पुनीत गुप्ता, संयुक्त महासचिव अनिल शर्मा, अनुज कपूर, अरविंद बग्गा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।














