बेगोवाल में सुखबीर बादल की मौजूदगी में थामा पार्टी का दामन, शिअद (पुनर सुरजीत) से तोड़ा नाता; पंजाब को बचाने के लिए एकजुट होने का दिया संदेश
कपूरथला/बेगोवाल, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पूर्व अध्यक्ष एवं पंजाब की पूर्व कैबिनेट मंत्री बीबी जागीर कौर एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल हो गईं। उन्होंने शिअद (पुनर सुरजीत) से अपना नाता तोड़ते हुए अकाली दल में वापसी की है।

कपूरथला जिले के भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र के गांव बेगोवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में बीबी जागीर कौर ने अकाली दल का दामन थामा। इस मौके पर अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
बीबी जागीर कौर की वापसी को दोआबा की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह अकाली दल में पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी वह अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
2022 में पार्टी से किया गया था निष्कासित
गौरतलब है कि नवंबर 2022 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते बीबी जागीर कौर को शिरोमणि अकाली दल से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने एसजीपीसी अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
मार्च 2024 में उन्होंने दोबारा अकाली दल में वापसी की थी, लेकिन अगस्त 2025 में सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व को लेकर मतभेदों के चलते पार्टी से अलग होकर शिअद (पुनर सुरजीत) के साथ जुड़ गई थीं। अब एक बार फिर उनकी बादल दल में वापसी ने पंजाब की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
जागीर कौर की वापसी से अकाली दल को मिला बल: सुखबीर बादल
इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि बीबी जागीर कौर के शिरोमणि अकाली दल (बादल) में शामिल होने से पार्टी को बहुत बल मिला है। उनकी वापसी से दोआबा क्षेत्र में अकाली दल और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से हम अलग हुए थे, लेकिन अब शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने के लिए दोबारा एकजुट हुए हैं। आज पंजाब को बचाने की जरूरत है। दिल्ली के लुटेरों ने पिछले 10 वर्षों में पंजाब को तबाह कर दिया है। प्रदेश में गुंडागर्दी और गैंगस्टरों का राज हो चुका है।
घर-घर नशा पहुंचने के लिए सरकार को घेरा
सुखबीर बादल ने पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नशा घर-घर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से पूछा कि प्रदेश में नशा इतना कैसे बढ़ गया। अधिकारियों का जवाब था कि जिन आरोपियों को पुलिस पकड़ती है, उन्हें आम आदमी पार्टी के नेता छुड़वा देते हैं।
बादल ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान का पंजाब से कोई लगाव नहीं है और वे यहां केवल लूटने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के प्रति जो दर्द और चिंता पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को थी, वह न तो केजरीवाल को हो सकती है और न ही राहुल गांधी को।
प्रकाश सिंह बादल की सेवाओं को किया याद
सुखबीर बादल ने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन के 70 साल पंथ और पंजाब की सेवा में लगाए। पंजाब का शायद ही कोई ऐसा गांव या शहर होगा, जहां प्रकाश सिंह बादल नहीं पहुंचे हों।
उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल को हर गरीब और व्यापारी की समस्याओं की जानकारी रहती थी। उनकी सोच सभी को साथ लेकर चलने की थी। यही कारण था कि सभी धर्मों के लोग बादल परिवार के साथ जुड़े रहते थे।













