गुरु नानक नगर में 5-6 राउंड फायरिंग के मामले में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी; अमेरिका में बैठे पुराने दोस्त ने रंजिश के चलते कराया था हमला, हेरोइन और ड्रग मनी भी बरामद
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। गुरु नानक नगर में कुछ दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में जालंधर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस युवक ने अपने घर के बाहर गोलियां चलने की शिकायत दर्ज करवाई थी, जांच में उसी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने मुख्य शिकायतकर्ता साहिल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुरुआती शिकायत में बताई गई कहानी जांच के दौरान झूठी निकली और मामले के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई।

जानकारी के मुताबिक, नागरा रोड स्थित गुरु नानक नगर में साहिल के घर के बाहर 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई थी। शुरुआत में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों द्वारा गोली चलाने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की गहन जांच में घटनाक्रम की अलग कहानी सामने आई।
कपूरथला जेल में हुई थी दोनों साहिल की दोस्ती
पुलिस जांच के अनुसार, शिकायतकर्ता साहिल और गढ़ा निवासी एक अन्य युवक, जिसका नाम भी साहिल है, कपूरथला जेल में एक साथ बंद थे। शिकायतकर्ता साहिल हत्या के एक मामले में जेल गया था, जहां दोनों की दोस्ती हुई थी। पुलिस के मुताबिक, गढ़ा निवासी साहिल फिलहाल अमेरिका में है और उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते अमेरिका में बैठे गढ़ा निवासी साहिल ने कथित तौर पर गुरु नानक नगर निवासी साहिल को निशाना बनाने के लिए हमला करवाया।
शिकायतकर्ता से 50 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान शिकायतकर्ता साहिल को भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन और 5,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 27-ए के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
तीन शूटर वर्ना कार समेत गिरफ्तार
पुलिस ने फायरिंग करने के आरोप में तीन अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान जशनदीप सिंह पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी बाबा बकाला, जगजीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी छबेवाली और अमरेंद्र सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी बाबा बकाला, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई वर्ना कार भी बरामद की है।
डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि जांच में पट्टी बाबा बकाला निवासी सरवन सिंह पुत्र राज सिंह की मौजूदगी भी घटनास्थल पर सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।














