पठानकोट में 367.5 करोड़ के अवैध खनन मामले में ED का बड़ा एक्शन! पूर्व ADC कुलदीप सिंह गिरफ्तार

सेवानिवृत्ति से पहले शामलात जमीन के हस्तांतरण का आदेश देने का आरोप; 16 नवंबर तक ईडी रिमांड पर भेजे गए पूर्व अधिकारी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के सीमावर्ती जिले पठानकोट में कथित अवैध खनन और पंचायत की जमीन के दुरुपयोग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस मामले में करीब 367.5 करोड़ रुपये के अवैध खनन का मामला सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने पूर्व अधिकारी को 16 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। अब एजेंसी इस कथित नेटवर्क में शामिल अधिकारियों, खनन कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

ईडी की जांच पठानकोट के भटियान गांव की शामलात जमीन से जुड़े मामले पर केंद्रित है। आरोप है कि ग्राम पंचायत की सामूहिक जमीन को कथित तौर पर गलत तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम हस्तांतरित किया गया। इसके बाद इस जमीन पर बड़े स्तर पर रेत और नदी तल से मिलने वाली खनिज सामग्री का अवैध खनन किया गया। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा 9 अगस्त 2023 को दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने धन शोधन के पहलू से जांच शुरू की थी।

734 कनाल शामलात जमीन के हस्तांतरण की जांच

जांच एजेंसी के मुताबिक, तत्कालीन एडीसी कुलदीप सिंह पर आरोप है कि उन्होंने सेवानिवृत्ति से कुछ समय पहले विवादित शामलात जमीन के हस्तांतरण से संबंधित आदेश पारित किया था। इस जमीन का कुल क्षेत्रफल करीब 734 कनाल एक मरला बताया गया है। ईडी स्टोन क्रशर संचालकों और उनसे जुड़ी कंपनियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। संदेह है कि जरूरी अनुमतियों और रॉयल्टी के बिना रेत व अन्य खनिज सामग्री का खनन और परिवहन किया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।

पहले 16 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

इस मामले में ईडी ने जुलाई में पठानकोट समेत विभिन्न स्थानों पर 16 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान करीब 1.75 करोड़ रुपये नकद जब्त करने और बैंक खातों में जमा 91.34 लाख रुपये की राशि फ्रीज करने की जानकारी सामने आई थी। जांच एजेंसी ने खनन कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन का रिकॉर्ड भी खंगाला था।

पूर्व एडीसी की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब ईडी रिमांड के दौरान जमीन हस्तांतरण, कथित अवैध खनन और इससे जुड़े वित्तीय लेनदेन के संबंध में पूछताछ करेगी।