मोदी सरकार ने जालंधर को दी बड़ी सौगात, गुरु नानकपुरा और गढ़ा रोड रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिजों का हुआ शिलान्यास; बेहोश हुए मनोरंजन कालिया 

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रखी आधारशिला, वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा)। जालंधर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गुरु नानकपुरा रेलवे क्रॉसिंग तथा गढ़ा रोड-बस स्टैंड रेलवे फाटक पर बनने वाले ओवरब्रिजों का विधिवत शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही यातायात बाधाओं से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया बेहोश हो गये थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अब उनकी हालत ठीक है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने की।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशभर में आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। जालंधर में इन दोनों ओवरब्रिजों के निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, समय की बचत होगी और लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, भाजपा प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, अविनाश चंद्र, सरबजीत सिंह मक्कड़, जगबीर बराड़, कर्मजीत कौर चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी, सुभाष सूद, रवि महेंदरू, पुनीत शुक्ला, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की, राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी, भाजपा स्पोर्ट्स सेल के प्रदेश अध्यक्ष सनी शर्मा दीवान, अमित अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष शिव दर्शन, दिनेश खन्ना,हिमांशु शर्मा,गौरव राय,डिंपी लुभाना,पुनीत शुक्ला,सन्नी शर्मा,शेली खन्ना,मुकेश वालिया,अभि कुंवर, सरताज, गौरव मेहरा, अमित भाटिया, संदीप कुमार सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान दकोहा क्षेत्र के निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को एक मांग-पत्र सौंपकर क्षेत्र में अंडरब्रिज निर्माण की मांग भी उठाई। केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत इन विकास परियोजनाओं से जालंधर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी तथा शहर के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा।