अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: अमृतसर के राजासांसी थाना प्रभारी को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल सीमा क्षेत्र में लगाए गए नाकों का औचक निरीक्षण कर रहे थे।

निरीक्षण के दौरान जिस नाके पर थाना प्रभारी की ड्यूटी लगी थी, वह वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद डीआईजी सीधे राजासांसी थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी अपने कार्यालय के पीछे बने कमरे में कथित तौर पर शराब के नशे की हालत में सोता मिला।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित रहने, कथित रूप से नशे की हालत में पाए जाने और कर्तव्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में उसे तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














