जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के सुच्ची पिंड इलाके में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घायल युवक की पहचान अनमोल के रूप में हुई है, जो गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी लदेवाली रोड स्थित जिम से वर्कआउट कर अपनी स्विफ्ट कार में घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुच्ची पिंड के पास पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसकी कार के आगे आकर रुक गए और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग के दौरान एक गोली अनमोल के गले के पास जा लगी, जबकि दूसरी गोली उसकी कार में धंस गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही अनमोल सड़क पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।
करीब दो मिनट बाद उसके दोस्त मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद गंभीर बताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली राउंड बरामद किए हैं तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में बढ़ती फायरिंग की घटनाओं को लेकर लोगों में भय का माहौल है।














