बड़ी खबर: विवादों में सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई के ‘ठायं-ठायं’ वाला वीडियो, टोरंटो के कॉन्सर्ट में किया ‘थापी’ अंदाज; माता-पिता के खिलाफ शिकायत

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के करीब दो वर्षीय छोटे भाई शुभदीप सिंह सिद्धू का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। 9 अक्टूबर को कनाडा के टोरंटो में आयोजित ‘साइन टू गॉड वर्ल्ड टूर’ होलोग्राम कॉन्सर्ट में बच्चे ने अपने बड़े भाई का ‘थापी’ अंदाज दोहराया और हाथ से पिस्टल चलाने जैसे इशारे करते हुए ‘ठायं-ठायं-ठायं’ कहा।

वीडियो सामने आने के बाद बाल मानवाधिकार संगठन ‘लॉयर्स फॉर ह्यूमन राइट्स इंटरनेशनल’ (LFHRI) ने 17 अक्टूबर को मानसा प्रशासन से शिकायत की। संगठन ने बच्चे के पिता बलकौर सिंह और मां चरण कौर की काउंसलिंग कराने, मामले की जांच करने और बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि इतनी कम उम्र में बच्चे को हथियार जैसे इशारों के लिए प्रोत्साहित करना उसके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। फिलहाल, इस मामले पर मूसेवाला के माता-पिता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।