डिविजनल कमिश्नर रामवीर सिंह ने दी मंजूरी, एग्जीक्यूटिव सदस्यों में बांटी गई जिम्मेदारियां
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो (हरीश शर्मा)। जालंधर जिमखाना क्लब के नवनिर्वाचित ऑनरेरी सैक्रेटरी अमित कुकरेजा ने क्लब के कामकाज को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए 16 सब-कमेटियों का गठन कर दिया है। क्लब के प्रधान एवं डिविजनल कमिश्नर रामवीर सिंह ने भी इन कमेटियों को मंजूरी प्रदान कर दी है।

इन कमेटियों के माध्यम से क्लब के विभिन्न विभागों और गतिविधियों की जिम्मेदारियां एग्जीक्यूटिव सदस्यों में बांटी गई हैं। प्रत्येक कमेटी में दो सदस्यों को शामिल किया गया है, जिसमें एक को चेयरमैन और दूसरे को को-चेयरमैन बनाया गया है।

अनुभव और क्षमता के आधार पर बांटी जिम्मेदारियां
कमेटियों के गठन में एग्जीक्यूटिव सदस्यों के अनुभव और उनकी क्षमता को प्राथमिकता दी गई है। क्लब की महत्वपूर्ण तंबोला एंड एंटरटेनमेंट कमेटी की कमान प्रो. विपन झांजी को सौंपी गई है। वहीं उन्हें ह्यूमैनिटेरियन एंड सोशल कॉज कमेटी का चेयरमैन भी बनाया गया है।
शालीन जोशी को कैटरिंग कमेटी का चेयरमैन, नितिन बहल को बार और हॉस्पिटैलिटी कमेटी का चेयरमैन तथा मोहिंदर सिंह को पर्चेज, जिम एंड हेल्थ क्लब और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमेटियों की जिम्मेदारी दी गई है।

राजीव बंसल के पास सबसे ज्यादा 6 कमेटियों की जिम्मेदारी
सब-कमेटियों के गठन में सीए राजीव बंसल को सबसे अधिक जिम्मेदारियां मिली हैं। उन्हें इंडोर स्पोर्ट्स, लीगल अफेयर्स और डिसिप्लिन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा वह पर्चेज एंड डिस्पोजल, लाइब्रेरी और ह्यूमैनिटेरियन एंड सोशल कॉज कमेटी में को-चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
वहीं पहली बार एग्जीक्यूटिव टीम में शामिल हुए जुबिन शंगारी को लैंडस्केपिंग एंड हॉर्टिकल्चर कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि वह इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कमेटी में को-चेयरमैन की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
शालिनी कालरा को हाउसकीपिंग कमेटी की चेयरमैनशिप सौंपी गई है। इसके अलावा वह जिम एंड हेल्थ क्लब तथा लैंडस्केपिंग एंड हॉर्टिकल्चर कमेटी में को-चेयरमैन रहेंगी।
16 सब-कमेटियों के गठन के साथ जिमखाना क्लब के प्रशासन, खेल, मनोरंजन, कैटरिंग, हॉस्पिटैलिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य गतिविधियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बांट दी गई हैं।
माना जा रहा है कि नई व्यवस्था से क्लब के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।














