जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के पंजाब रोडवेज डिपो-2 में अड्डा फीस के नाम पर लाखों रुपये के कथित घोटाले ने विभाग में हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद अकाउंटेंट अमन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए 6 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो पिछले 8 महीनों के रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, पुरानी अड्डा फीस रसीदों की रंगीन फोटो कॉपी कर उन पर नई तारीखें डालकर रिकॉर्ड में दिखाया जाता था, जिससे वास्तविक भुगतान और सरकारी रिकॉर्ड में बड़ा अंतर पैदा हो रहा था। जांच के दौरान कई बार रकम में गड़बड़ी सामने आने पर अधिकारियों को शक हुआ और मामला खुल गया।
यदि जांच में बड़े स्तर पर धोखाधड़ी के सबूत मिलते हैं तो संबंधित कर्मचारी के पूरे कार्यकाल का रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा। फिलहाल विभागीय जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














