जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर देहात पुलिस ने पुलिस भर्ती के नाम पर 31.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले फर्जी IPS अधिकारी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अनमोल रतन ने खुद को IPS अधिकारी बताकर एक महिला से उसे DSP, उसकी भतीजी को इंस्पेक्टर और भाई को हेड कांस्टेबल भर्ती कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए थे।

डीएसपी शाहकोट सरवण सिंह बल ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने अनमोल रतन और उसकी पत्नी मनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी आईडी और दस्तावेज बनाकर कई लोगों से ठगी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, फर्जी IPS आईडी कार्ड और अन्य नकली दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम से 17 लाख रुपये रेडीमेड कपड़ों की दुकान, 1.10 लाख रुपये सियाज़ कार और 10 लाख रुपये नकोदर में कोठी खरीदने में लगाए गए। पुलिस अब अन्य संभावित ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।














