बंगाल में BJP का बड़ा फैसला: शुभेंदु अधिकारी होंगे नए मुख्यमंत्री, अमित शाह ने किया ऐलान

कोलकाता, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस खत्म हो गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।

इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों का समर्थन मिला।

बैठक के बाद अमित शाह ने कहा कि सभी प्रस्ताव और समर्थन केवल शुभेंदु अधिकारी के नाम के पक्ष में थे, इसलिए उन्हें पश्चिम बंगाल विधायक दल का नेता घोषित किया गया।

बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता के दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इसके बाद सरकार गठन और शपथ ग्रहण को लेकर भाजपा नेताओं के साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है और अब सभी की नजर शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई है।