भाजपा नेताओं ने जालंधर में 700 पेटी अवैध शराब की बरामदगी पर ढीली कार्रवाई पर हमला बोल एक्साइज कमिश्नर को मांगपत्र दिया

साबित करती है कि पंजाब में अवैध शराब माफिया बेखौफ, सरकार जवाब दे – अशोक सरीन हिक्की

पंजाब की भगवंत मान सरकार का कानून चाहे 1 हजार पेटी तस्करी करके दूसरे राज्यों से लाओ पकड़े जाने पर जेल नहीं जुर्माना होगा

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: बीते कल वीरवार को जालंधर में आबकारी विभाग द्वारा लगभग 700 पेटी अवैध शराब बरामद किया जाना अत्यंत गंभीर मामले को लेकर जालंधर भाजपा का शिष्टमंडल जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की के साथ पूर्व विधायक पंजाब एससी मोर्चा प्रधान शीतल अंगूराल, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव के. डी भंडारी, पंजाब भाजपा सचिव अमरजीत सिंह अमरी, पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा, महामंत्री राजेश कपूर समेत एक्साइज कमिश्नर रंजीत सिंह को जीएसटी भवन मे मिला।

वेस्ट विधानसभा मे पकड़ी गयी करीब 700 पेटी अवैध शराब पर सख्त कानूनी कारवाई करने की शिकायत एक्साइज विभाग डीटीसी रणजीत सिंह को देते अशोक सरीन हिक्की, केडी भंडारी, शीतल अंगूराल, अमरजीत अमरी, सुशील शर्मा, राजेश कपूर व अन्य*

 इस अवसर पर भाजपा जालंधर के प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि यह बरामदगी केवल एक डंप की है। इससे स्पष्ट होता है कि जालंधर ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में अवैध शराब का संगठित नेटवर्क सक्रिय है और सरकार का खुफिया तंत्र इस पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहा है।

भाजपा नेताओं ने कहा पंजाब सरकार से पूछा कि यह अवैध शराब किसकी है, इसे कौन लेकर आया, किसके संरक्षण में इसका भंडारण किया गया और इसे किसे तथा कहाँ बेचा जाना था? उन्होंने मांग की कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर मुख्य सरगनाओं और उनके संरक्षकों को कानून के कठघरे में लाया जाए।


उन्होंने कहा कि जिस कंपनी के नाम से यह शराब तैयार की गई है, उसके लाइसेंस, बॉटलिंग प्लांट तथा पूरे उत्पादन तंत्र की विस्तृत जांच की जाए। साथ ही बरामद शराब के नमूनों की सरकारी प्रयोगशाला में जांच कराई जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं यह जहरीली अथवा मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तो नहीं थी।

केडी भंडारी ने कहा कि इस अवैध कारोबार से सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। इसलिए इस मामले की जांच केवल आबकारी विभाग तक सीमित न रखकर आर्थिक अपराध के सभी पहलुओं की जांच की जाए तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए।

शीतल अंगूराल ने कहा कि यदि वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में इतना बड़ा अवैध शराब का जखीरा पकड़ा गया है तो यह मानने के पर्याप्त कारण हैं कि जालंधर और पंजाब के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे कई अवैध डंप संचालित हो सकते हैं। उन्होंने राज्य के खुफिया तंत्र और पुलिस से व्यापक अभियान चलाकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की मांग की।

उन्होंने मांग की कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले सभी ठेकेदारों, लाइसेंस धारकों और अन्य दोषियों के लाइसेंस तत्काल रद्द किए जाएं तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध और संभावित जहरीली शराब का कारोबार केवल सरकारी राजस्व की चोरी नहीं, बल्कि जनता के जीवन के साथ सीधा खिलवाड़ है।
अंत में अमरजीत सिंह अमरी ने कहा कि भाजपा इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग करती है तथा दोषियों को किसी भी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण से ऊपर उठकर कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

भाजपा नेताओं ने कहा उनको एक्साइज विभाग ने बताया कि पंजाब की भगवंत मान सरकार का कानून चाहे 1 हजार पेटी तस्करी करके दूसरे राज्यों से लाओ पकड़े जाने पर जेल नहीं जुर्माना होगा।

सभी नेताओं ने कहा जल्द पंजाब सरकार के नशा तस्करी पर दोहरी मानसिकता करनी कथनी के अंतर को जगजाहिर किया जायेगा और पंजाब के गवर्नर साहिब को दूसरे राज्यों समेत शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ जमानती धाराओं की धारा को खत्म कर गैरजमानती धाराओं को लागू करने का कानून लाया जाए।

क्योंकि भगवंत मान सरकार तस्करों का बचाने और शह देकर अवैध कारोबार को बढ़ावा देने का काम कर रही है।